राजस्थान रॉयल्स (RR) के यंग प्लेयर वैभव सूर्यवंशी ने IPL में इतिहास रच दिया है। उन्होंने 14 साल और 23 दिन की उम्र में डेब्यू करते हुए IPL के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में वैभव ने बतौर ओपनर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 20 गेंदों में 34 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल थे। वैभव ने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर 181 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए पहले विकेट के लिए 85 रनों की पार्टनरशिप की।

पहली गेंद पर छक्का, बनाया रिकॉर्ड
मैदान पर उतरते ही वैभव बेखौफ दिखे। उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर इतिहास रच दिया। यह कारनामा उन्होंने शार्दुल ठाकुर के पहले ओवर की तीसरी गेंद पर किया, जब उन्होंने कवर के ऊपर से शानदार छक्का मारा। वैभव IPL में अपनी पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले 10वें खिलाड़ी बन गए और ऐसा करने वाले चौथे भारतीय हैं। इसके बाद उन्होंने आवेश खान के ओवर में भी लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का मारा। इस ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें जीवनदान भी मिला, जब डीप स्क्वायर लेग पर उनका कैच छूट गया और गेंद बाउंड्री के बाहर चली गई।

IPL में पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले खिलाड़ी

आउट होने पर हुए इमोशनल

वैभव की शानदार पारी का अंत LSG के कप्तान ऋषभ पंत ने किया। एडेन मार्करम के 9वें ओवर की चौथी गेंद पर वैभव हिट करने की कोशिश में चूक गए, और पंत ने तेजी दिखाते हुए उन्हें स्टंप आउट कर दिया। आउट होने के बाद वैभव काफी इमोशनल नजर आए। बिहार के इस युवा खिलाड़ी की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। लोग उनकी कम उम्र में हिम्मत और प्रदर्शन से हैरान हैं। एक यूजर ने लिखा, “वैभव सूर्यवंशी ने इतने बड़े मंच पर पहला मैच खेला, लेकिन उनके चेहरे पर कोई दबाव नहीं दिखा। 14 साल की उम्र में इतनी प्रतिभा और धैर्य देखकर हैरानी होती है। उनमें बड़े मैच का जज्बा है।”

वैभव का क्रिकेट करियर
वैभव सूर्यवंशी का जन्म 27 मार्च 2011 को हुआ, उसी साल जब भारत ने एमएस धोनी की कप्तानी में वनडे वर्ल्ड कप जीता था। वैभव ने इससे पहले 16 साल और 157 दिन की उम्र में IPL डेब्यू करने वाले प्रयास रे बर्मन का रिकॉर्ड तोड़ा, जो 2019 में RCB के लिए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले थे। वैभव ने 2024-25 सीजन में बिहार के लिए सिर्फ 5 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। RR ने उन्हें पिछले साल मेगा ऑक्शन में 1 करोड़ 10 लाख रुपये में खरीदा था। वैभव ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ चार दिवसीय मैच में 58 गेंदों में शतक बनाकर भारत अंडर-19 टीम का भी प्रतिनिधित्व किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *