हरियाणा सरकार ने मशहूर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के तीन गानों—‘ट्यूशन बदमाशी का’, ‘60 मुकद्दमे’ और ‘खटोला’—को यूट्यूब से हटा दिया है। सरकार का कहना है कि ये गाने गन कल्चर को बढ़ावा देते हैं। दूसरी तरफ, मासूम शर्मा का दावा है कि यह सब निजी दुश्मनी की वजह से किया गया है। जिसका आरोप उन्होंने हरियाणा सरकार के पब्लिसिटी सेल में काम करने वाले एक अधिकारी पर लगाया है।

मासूम शर्मा कौन हैं?

मासूम शर्मा एक फेमस हरियाणवी सिंगर, गीतकार और संगीतकार हैं, जो अपने खास अंदाज और हरियाणवी कल्चर को दिखाने वाले गानों के लिए जाने जाते हैं। उनका जन्म 27 मार्च 1991 को हरियाणा के जींद जिले के ब्राह्मणवास गांव में हुआ था। 33 साल के मासूम ने अपनी सुरीली आवाज से लाखों लोगों का दिल जीता है। उनकी कुल संपत्ति करीब 50 करोड़ रुपये बताई जाती है।

मासूम शर्मा का करियर

मासूम ने 2009 में अपने करियर की शुरुआत ‘जलवा हरियाणा’ एल्बम से की थी। 2014 में उनका गाना ‘कोठे चढ़ ललकारु’ बहुत हिट हुआ, जिसने उन्हें युवाओं में मशहूर कर दिया। इसके बाद ‘ईपी रूपा’, ‘2 नंबरी’, ‘गुंडे ते प्यार’, ‘बदमाशा का ब्याह’, ‘लोफर’ और ‘एक खटोला जेल के भीतर’ जैसे कई सुपरहिट गाने दिए। उनके गाने हरियाणवी गांवों की जिंदगी और कल्चर को दिखाते हैं। शुरू में मासूम एक्टर बनना चाहते थे और इसके लिए मुंबई भी गए थे, लेकिन संगीत में सफलता ने उन्हें हरियाणवी इंडस्ट्री का स्टार बना दिया। उनकी शादी रिंपी शर्मा से हुई है।

विवादों में भी रहे हैं मासूम

मासूम शर्मा का विवादों से भी पुराना नाता रहा है। 2021 में उन्हें वॉट्सऐप पर जान से मारने की धमकी मिली थी। 2023 में उनके भाई के घर पर हवाई फायरिंग हुई थी। 2024 में एक महिला ने उन पर और उनके परिवार पर मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप लगाया था।

https://www.instagram.com/reel/DDtxmPvpumx/?utm_source=ig_web_button_share_sheet

मासूम शर्मा ने दिया अपना रिएक्शन

मासूम शर्मा ने फेसबुक लाइव में सरकार पर उनके गानों को गलत तरीके से हटाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके साथ-साथ उनके दोस्तों नरेंद्र भगाना और अंकित बालियान के गाने भी यूट्यूब से हटाए गए हैं। मासूम का कहना है कि उनके गानों को गुंडागर्दी बढ़ाने वाला बताया जा रहा है, लेकिन अश्लील गाने बनाने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा ही चलता रहा, तो हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री को नुकसान होगा और लोग पंजाबी गानों की तरफ चले जाएंगे। मासूम ने सरकार से मांग की है कि वो कलाकारों को थोड़ी आजादी दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *