भारत के दो बार ओलंपिक मैडल चैंपियन जेवलिन थ्रो एथलिट नीरज चोपड़ा ने दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में आयोजित पॉट इनविटेशनल ट्रैक प्रतियोगिता जीतकर अपने सत्र की शानदार शुरुआत की। बुधवार को वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर चैलेंजर में नीरज ने 84.52 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर छह एथलीटों के बीच चले मुकाबले में शीर्ष स्थान हासिल किया।
डौव स्मिथ से आगे रहे नीरज चोपड़ा
नीरज ने दक्षिण अफ्रीका के 25 वर्षीय डौव स्मिट को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 82.44 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। नीरज का यह प्रदर्शन उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 89.94 मीटर से कम रहा, जबकि स्मिट अपने सर्वश्रेष्ठ 83.29 मीटर के करीब पहुंचे। इस प्रतियोगिता में केवल नीरज और स्मिट ही 80 मीटर की दूरी पार कर सके। दक्षिण अफ्रीका के डंकन रॉबर्टसन 71.22 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
जेलेज्नी की देखरेख में काम कर रहे नीरज
नीरज वर्तमान में पोटचेफस्ट्रूम में अपने नए कोच, जेलेज्नी जो तीन बार के ओलंपिक चैंपियन और वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक हैं, की देखरेख में प्रैक्टिस कर रहे हैं। 27 वर्षीय नीरज पिछले साल लंबे समय तक अपने कोच रहे जर्मनी के क्लॉस बार्टोनिट्ज से अलग हो गए थे। वह 16 मई को दोहा डायमंड लीग में अपनी एलीट कम्पीटीशन्स की शुरुआत करेंगे।
जेलेज्नी की देखरेख में 90 मीटर छूना चाहेंगे नीरज
नीरज ने 2020 टोक्यो (स्वर्ण) और 2024 पेरिस (रजत) ओलंपिक में लगातार दो मैडल जीते हैं। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 89.94 मीटर है, जो उन्होंने 2022 में हासिल किया था। लंबे समय से वह 90 मीटर का आंकड़ा छूने की कोशिश कर रहे हैं। जेलेज्नी के गाइडेंस में नीरज अपनी सफलता को नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहते हैं। जेलेज्नी ने 1992, 1996 और 2000 ओलंपिक में स्वर्ण जीता और 1996 में जर्मनी में 98.48 मीटर के थ्रो के साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया, जो अब तक के टॉप दस थ्रो में से पांच उनके नाम हैं। उन्होंने चार बार वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा है।
नीरज चोपड़ा ने कौन सी प्रतियोगिता जीती है?
नीरज चोपड़ा ने दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में हुई पॉट इनविटेशनल ट्रैक प्रतियोगिता जीती। यह वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर चैलेंजर सीरीज का हिस्सा थी।
नीरज ने इस प्रतियोगिता में कितनी दूरी तक भाला फेंका?
नीरज ने 84.52 मीटर तक भाला फेंका और प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।
इस मुकाबले में नीरज के प्रमुख प्रतिद्वंदी कौन थे?
नीरज ने दक्षिण अफ्रीका के डौव स्मिट को पीछे छोड़ा, जिनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 82.44 मीटर रहा। तीसरे स्थान पर डंकन रॉबर्टसन रहे जिन्होंने 71.22 मीटर का थ्रो किया।
नीरज चोपड़ा किस कोच के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं?
नीरज फिलहाल तीन बार के ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट और वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर जेलेज्नी की देखरेख में ट्रेनिंग कर रहे हैं।