BREAKINGBreaking headlines from Uttar Pradesh, Uttarakhand, Delhi, and beyond.
Aaj Ka Sach
Home /lifestyle

Google के बाद Microsoft ने भी खोल दिया खजाना, भारत में AI पर करेगा बड़ा निवेश, लोगों की जिंदगी होगी आसान

21 February 2026
Google के बाद Microsoft ने भी खोल दिया खजाना, भारत में AI पर करेगा बड़ा निवेश, लोगों की जिंदगी होगी आसान

नई दिल्ली में आयोजित AI Impact Summit में भाग लेने दुनिया के दिग्गज टेक लीडर्स और राष्ट्राध्यक्ष पहुंचे हैं। MeitY द्वारा आयोजित एआई के इस महाकुंभ में भाग लेने भारत पहुंचे Google CEO सुंदर पिचाई ने 15 बिलियन डॉलर के निवेश की घोषणा की है। वहीं, Microsoft के वाइस चेयरमैन और प्रेसिडेंट ब्रैड स्मिथ ने भी एआई समिट के दौरान बड़े निवेश की घोषणा की है।

ग्लोबल साउथ में बड़ा निवेश

शुक्रवार को अपने संबोधन के दौरान माइक्रोसॉफ्ट के वाइस चेयरमैन और प्रेसिडेंट ब्रैड स्मिथ ने कहा कि AI के लिए ग्लोबल साउथ में 50 अरब डॉलर यानी लगभग 4 लाख करोड़ रुपये निवेश किया जाएगा। माइक्रोसॉफ्ट 2030 तक ये रकम AI इंफ्रास्ट्रक्चर और स्किल डेवलमेंट के लिए खर्च करेगा। उन्होंने एआई समिट में कहा कि अभी एआई का फायदा दुनिया में बराबर नहीं बंटा है। ग्लोबल साउथ में भारत, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका जैसे देश आते हैं।

भारत में एआई टैलेंट की भरमार

माइक्रोसॉफ्ट के वाइस चेयरमैन और प्रेसिडेंट ने कहा कि ग्लोबल साउथ में टैलेंट की भरमार है और यहां यूजर्स भी हैं, लेकिन सही इंफ्रास्ट्रक्चर और ट्रेनिंग के बिना एआई का पूरा फायदा नहीं मिल रहा है। माइक्रोसॉफ्ट इस गैप को भरना चाहता है। अमेरिकी टेक कंपनी का फोकस भारत समेत ग्लोबल साउथ में AI डेटा सेंटर, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और लोकल लेवल पर AI स्किल डेवलपमेंट पर रहेगा। इसके लिए टीचर्स और स्टूडेंट्स को एआई से जोड़ने की योजना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग एआई टूल्स का सही से यूज कर पाए।